भोपाल के एमपी नगर इलाके में खुद को IPS अधिकारी और आयकर विभाग की खुफिया टीम का अफसर बताकर युवाओं से ठगी करने वाले एक जालसाज को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं को नौकरी लगवाने का झांसा देता था।
यूं बनाता था शिकार
झांसी (शक्ति नगर) का रहने वाला आरोपी ऋषि कुमार यादव (38) एमपी नगर के मीरा कॉम्प्लेक्स में रहता था। उसने प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रहे देवांश से आयकर विभाग में नौकरी लगवाने के नाम पर अलग-अलग किस्तों में 7 लाख रुपए ऐंठ लिए थे। काफी समय बीतने के बाद भी जब नौकरी नहीं लगी और पीड़ित ने पैसे वापस मांगे, तो आरोपी टालमटोल करने लगा।
कई लोगों से ठगी का खुलासा
जांच में सामने आया है कि आरोपी ने सिर्फ देवांश ही नहीं, बल्कि करीब आधा दर्जन अन्य बेरोजगार युवाओं को भी इसी तरह ठगी का शिकार बनाया है। पीड़ितों की शिकायत पर एमपी नगर थाने में धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया गया था। पुलिस ने सटीक सूचना के आधार पर उसके फ्लैट पर दबिश देकर उसे दबोच लिया। पुलिस अब यह पता लगा रही है कि उसने कुल कितने लोगों से कितनी रकम ठगी है और वह किन फर्जी दस्तावेजों का इस्तेमाल करता था।




