इंदौर के रावजी बाजार इलाके में शादीशुदा महिला को जबरन गाड़ी पर बैठाकर ले जाने वाले रेप के आरोपी असलम खान की लोगों ने जमकर पिटाई कर दी। गुरुवार को इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। पीड़िता की शिकायत पर रावजी बाजार पुलिस ने आरोपी के खिलाफ रेप का मामला दर्ज कर उसे कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है।
शादी के बाद भी कर रहा था परेशान
पीड़िता (28) ने पुलिस को बताया कि आरोपी असलम खान से उसकी 6 साल से दोस्ती थी। महिला की कहीं और शादी तय होने और शादी हो जाने के बाद उसने असलम से बातचीत बंद कर दी थी, जिससे नाराज होकर वह लगातार उसे परेशान कर रहा था। बुधवार को जब महिला पैदल जा रही थी, तब असलम वहां पहुंचा और जबरन उसे अपनी गाड़ी पर बैठाकर ले जाने की जिद करने लगा। महिला के शोर मचाने पर मौके पर मौजूद बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने आरोपी को पकड़ लिया और उसकी पिटाई कर दी, जिसके बाद उसे पुलिस के हवाले कर दिया गया।




