लोनिवि (पीडब्ल्यूडी) की पीआईयू शाखा बालाघाट में पदस्थ एग्जीक्यूटिव इंजीनियर कमल किशोर सिंगारे के ठिकानों पर गुरुवार सुबह आर्थिक अपराध अन्वेषण ब्यूरो (EOW) ने एक साथ छापामार कार्रवाई की। डीएसपी मंजीत सिंह के नेतृत्व में हुई इस कार्रवाई के दौरान बालाघाट स्थित आवास से ढाई लाख रुपए नकद और करीब 25 लाख रुपए कीमत की एक गाड़ी बरामद हुई है। टीम इंजीनियर को लेकर छिंदवाड़ा के लिए रवाना हो गई है।
कमीशनखोरी की शिकायत पर हुई कार्रवाई
सिविल कांट्रेक्टर एसोसिएशन के जनरल सेक्रेटरी युनुस पप्पा खान ने 13 जुलाई को EOW में शिकायत दर्ज कराई थी। आरोप था कि इंजीनियर सिंगारे ठेकेदारों को परेशान करते हैं और निर्माण कार्यों के बिल पास करने के एवज में भारी कमीशन लेते हैं। शिकायत में एक कांट्रेक्टर के 30 लाख रुपए के भुगतान पर 10 लाख रुपए कमीशन मांगने का भी गंभीर आरोप है।
भोपाल और छिंदवाड़ा में भी दबिश
EOW ने बालाघाट कोर्ट से अनुमति मिलने के बाद सुबह 6 बजे बालाघाट, छिंदवाड़ा और भोपाल स्थित ठिकानों पर एक साथ दबिश दी। EOW फिलहाल सभी दस्तावेजों, संपत्तियों और बैंक खातों की गहन जांच कर रही है।





