ग्वालियर। शहर के सिरोल और पड़ाव थाना क्षेत्रों में शादी का झांसा देकर युवतियों का शारीरिक शोषण करने और बाद में मुकर जाने के दो अलग-अलग मामले सामने आए हैं। पुलिस ने पीड़िताओं की शिकायतों पर दोनों आरोपियों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मामले दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।
पहला मामला: लिव-इन के कागजात बनवाकर जेवर और दस्तावेज लेकर भागा आरोपी
सिरोल थाना क्षेत्र की एक युवती ने सोशल मीडिया के जरिए संपर्क में आए राहुल बघेल नामक युवक पर दुष्कर्म का आरोप लगाया है। आरोपी ने आर्य समाज में शादी करने का झांसा देकर उसके साथ संबंध बनाए और उसे महाराष्ट्र के जलगांव सहित कई स्थानों पर किराए के मकान में रखा। इस बीच परिवार से रिश्ता टूटने के बाद आरोपी ने शादी का झांसा देकर लिव-इन रिलेशनशिप के कागजात भी बनवा लिए। 16 सितंबर को आरोपी पीड़िता के जरूरी दस्तावेज और गहने लेकर फरार हो गया और संपर्क करने पर उसे सभी जगह ब्लॉक कर दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
दूसरा मामला: शादी से इनकार करने पर निजी फोटो और वीडियो किए वायरल
पड़ाव थाना क्षेत्र के महिला थाने में दर्ज दूसरे मामले में, पिछोर की एक युवती ने अपने दूर के रिश्तेदार करन जाटव पर गंभीर आरोप लगाए हैं। युवती का कहना है कि आरोपी अगस्त 2023 से शादी का झांसा देकर उसका शोषण कर रहा था। जब उसने शादी के लिए दबाव बनाया, तो आरोपी मुकर गया और जान से मारने की धमकी देते हुए उसके निजी फोटो और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर दिए। पुलिस ने इस मामले में बीएनएस और आईटी एक्ट की धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।



