भोपाल:
अवधपुरी थाना क्षेत्र में शुक्रवार को कांग्रेस के पूर्व पार्षद मुकेश गजभिए (45) ने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।
पुलिस के अनुसार, घटना के समय उनकी पत्नी उन्हें इलाज के लिए अस्पताल ले जाने की तैयारी कर रही थीं। इसी दौरान उन्होंने यह कदम उठाया। शुरुआती जांच में सामने आया है कि वह लंबे समय से गंभीर बीमारी ‘सिकल सेल’ से जूझ रहे थे और पिछले करीब दो महीने से उनका इलाज चल रहा था।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और परिजन मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। एडिशनल पुलिस कमिश्नर शैलेंद्र सिंह चौहान ने बताया कि आत्महत्या के सटीक कारणों का अभी खुलासा नहीं हुआ है। पुलिस मेडिकल रिकॉर्ड और परिजनों के बयानों के आधार पर हर पहलू से जांच कर रही है।




