शिवपुरी:
जिले की सिरसौद थाना पुलिस ने अवैध हथियारों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक युवक को 8 देशी पिस्टल और 10 जिंदा कारतूसों के साथ गिरफ्तार किया है। जब्त किए गए हथियारों की कीमत करीब 3.50 लाख रुपए बताई जा रही है।
शुक्रवार को एसपी यांगचेन डोलकर भूटिया ने प्रेसवार्ता में इस मामले का खुलासा किया। पुलिस के अनुसार, आरोपी अंशुल अहिरवार (निवासी दतिया) सेंधवा (बड़वानी) से अवैध हथियारों की यह खेप लेकर दतिया जा रहा था। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि रास्ते में नींद आने के कारण वह गलती से श्योपुर पहुंच गया था और वहां से शिवपुरी लौटते समय पुलिस के हत्थे चढ़ गया।
सिरसौद थाना और हिम्मतपुर चौकी पुलिस ने खोरघार की पुलिया के पास चेकिंग के दौरान उसे संदिग्ध हालत में पकड़ा। पुलिस अब आरोपी से यह पूछताछ कर रही है कि उसने सेंधवा में किससे हथियार खरीदे थे और दतिया में इन्हें किसे डिलीवर किया जाना था। इस मामले में पुलिस क्षेत्र के सिकलीगर नेटवर्क की भी जांच कर रही है। आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है।




