भोपाल:
राजधानी के शाहपुरा थाना क्षेत्र में साइबर ठगों ने पार्ट टाइम जॉब से अच्छी कमाई का लालच देकर शासकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज के एक कर्मचारी से 1.80 लाख रुपये की ठगी कर ली। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर अज्ञात आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
क्या है पूरा मामला:
पुलिस के मुताबिक, पल्लवी नगर निवासी 49 वर्षीय विनोद गुप्ता शासकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज में कार्यरत हैं। जनवरी 2025 में उनके पास एक अनजान नंबर से कॉल आया था, जिसमें कॉलर ने पार्ट टाइम जॉब का ऑफर दिया। शुरुआत में विनोद ने मना कर दिया, लेकिन अगले दिन दोबारा कॉल आने पर उन्होंने खाली समय में काम करने की हामी भर ली।
आरोपियों ने उन्हें कंपनी के प्रमोशन के लिए ऑनलाइन रेटिंग देने का टास्क दिया और इसी दौरान उनकी बैंक से जुड़ी गोपनीय जानकारियां हासिल कर लीं। इसके बाद जालसाजों ने अलग-अलग ट्रांजेक्शन के जरिए उनके खाते से 1.80 लाख रुपये पार कर दिए।
साइबर हेल्पलाइन पर की थी शिकायत:
खाते से रकम कटने का अहसास होते ही विनोद गुप्ता ने तुरंत साइबर हेल्पलाइन पर इसकी शिकायत दर्ज कराई थी। जांच के बाद शिकायत शाहपुरा थाने पहुंची, जिसके आधार पर पुलिस ने अज्ञात ठगों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। पुलिस अब बैंक खातों और मोबाइल नंबरों के आधार पर आरोपियों की तलाश में जुटी है।




