भोपाल:
कटारा हिल्स इलाके के एक गर्ल्स हॉस्टल में बुधवार सुबह छात्राओं ने खाने और पानी की गुणवत्ता को लेकर जमकर प्रदर्शन किया। स्टूडेंट्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (SFI) के बैनर तले हुए इस प्रदर्शन में छात्राओं ने हॉस्टल प्रबंधन पर गंभीर लापरवाही के आरोप लगाए।
छात्राओं का आरोप है कि हॉस्टल में परोसे जाने वाले खाने में अक्सर कीड़े निकलते हैं और वाटर कूलर का पानी भी पीने योग्य नहीं है। खराब और दूषित खान-पान से छात्राओं के स्वास्थ्य पर बुरा असर पड़ रहा है।
बुनियादी सुविधाओं की मांग
प्रदर्शन कर रही छात्राओं का कहना है कि हॉस्टल में भोजन, पेयजल, साफ-सफाई और सुरक्षा जैसी बुनियादी सुविधाएं मिलना उनका अधिकार है। इन समस्याओं से उनकी पढ़ाई और सेहत दोनों प्रभावित हो रही हैं।
प्रशासन से हस्तक्षेप की अपील
छात्राओं ने जिला प्रशासन और संबंधित अधिकारियों से मामले में तुरंत दखल देने की मांग की है, ताकि हॉस्टल की समस्याओं का स्थायी समाधान हो सके और उन्हें सुरक्षित माहौल मिल सके।




