भोपाल: ताजुल मसाजिद की सीढ़ियों के सामने चाय की दुकान पर 25 वर्षीय युवक आलिन के साथ मारपीट करने के मामले में शाहजहानाबाद पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने उमर उर्फ ट्रैक्टर, दानिश और जैद को सिंधी कॉलोनी के पास से दबोचा और शुक्रवार दोपहर उन्हें घटनास्थल पर ले जाकर जुलूस निकाला।
क्या था पूरा मामला: घटना 18 अक्टूबर की रात करीब डेढ़ बजे की है। आलिन अपने दोस्त समीर के साथ एलबीएस रोड पर चाय पीने गया था। इसी दौरान आरोपियों ने उस पर लोहे के पाइप, प्लास्टिक के डंडों और चाकू से हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। बीच-बचाव करने आए उसके दोस्त समीर के साथ भी मारपीट की गई।
इस घटना का सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद मामला काफी चर्चा में आया था। पुलिस ने हत्या के प्रयास (धारा 109 BNS) सहित अन्य धाराओं में केस दर्ज किया था। थाना प्रभारी यूपीएस चौहान ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों को कोर्ट में पेश करने के बाद रिमांड पर लिया गया है, और उनके अन्य साथियों की तलाश व आगे की जांच जारी है।



