भोपाल
नगर निगम परिषद की महत्वपूर्ण बैठक शनिवार को आईएसबीटी स्थित मीटिंग हॉल में होगी, जिसमें कुल 13 प्रश्न पूछे जाएंगे और 4 प्रमुख एजेंडे पटल पर रखे जाएंगे। बैठक के दौरान बीजेपी जिलाध्यक्ष एवं एमआईसी मेंबर रविंद्र यति द्वारा वैध-अवैध होर्डिंग्स पर मांगी गई जानकारी का जवाब एमआईसी मेंबर जगदीश यादव सदन में देंगे।
इस बैठक में 19 अगस्त को खारिज हुए दो प्रस्तावों को नई शर्तों के साथ दोबारा पेश किया जा रहा है। इसके तहत नए मुख्यालय का सर्विस ब्लॉक पहले सिर्फ 2 साल के लिए देने का निर्णय था, जिसे अब बढ़ाकर 10 साल और अगले 10 साल के नवीनीकरण यानी अधिकतम 20 साल के लिए देने का प्रस्ताव है। वहीं, गर्ल्स कॉलेज के पास स्थित सोन चिरैया हॉकर्स कॉर्नर को लेकर छात्राओं की सुरक्षा आपत्तियों को ध्यान में रखते हुए अब एजेंसी को 24 घंटे सीसीटीवी चालू रखने और गार्ड तैनात करने जैसी सख्त शर्तें जोड़ी गई हैं, जिसका अनुबंध 3 साल और अगले 3 साल के नवीनीकरण के लिए होगा। इसके अलावा बैठक में अमृत 2.0 योजना के तहत 493.49 करोड़ रुपए के ऋण का प्रस्ताव भी रखा जाएगा।




