द्वारकापुरी: अस्पताल के बाहर रिसेप्शनिस्ट से अश्लील हरकत फूटी कोठी क्षेत्र के एक निजी अस्पताल के बाहर शनिवार रात को एक निजी अस्पताल की रिसेप्शनिस्ट से छेड़छाड़ का मामला सामने आया है। अस्पताल के बाहर सब्जी की दुकान लगाने वाले नरेंद्र साहू पर आरोप है कि वह पिछले 20 दिनों से युवती को देखकर इशारे कर रहा था। शनिवार रात जब युवती अस्पताल के बाहर अपने भाई का इंतजार कर रही थी, तब आरोपी ने अश्लील हरकत की। युवती के ललकारने पर अस्पताल का स्टाफ मौके पर पहुंच गया, जिसके बाद आरोपी फरार हो गया। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है।
लसूड़िया: 11वीं की छात्रा पर मिलने का दबाव बनाने वाला आरोपी पर केस लसूड़िया थाना क्षेत्र में 11वीं कक्षा में पढ़ने वाली एक नाबालिग छात्रा को परेशान करने का मामला सामने आया है। पुराना परिचित संजय छात्रा को मोबाइल पर लगातार कॉल कर मिलने की जिद कर रहा था। हद तो तब हो गई जब आरोपी छात्रा के घर के बाहर पहुंच गया और जबरदस्ती मिलने का दबाव बनाने लगा। परेशान होकर छात्रा ने इसकी जानकारी अपने पिता को दी, जिसके बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ छेड़छाड़ और अन्य धाराओं में एफआईआर दर्ज कर ली है।



