भोपाल। राजधानी के कोहेफिजा थाना क्षेत्र स्थित डायमंड शादी हॉल के पास से खुलेआम गुंडागर्दी और अपहरण का सनसनीखेज मामला सामने आया है। एक युवक को साजिश के तहत कॉल करके वहां बुलाया गया और जैसे ही वह पहुंचा, करीब 20-25 लड़कों ने उसे अचानक घेर लिया। आरोपी युवक का जबरन अपहरण कर उसे एक घर में ले गए, जहां उसके साथ जमकर मारपीट की गई। बदमाशों ने पीड़ित से पैसों की मांग करते हुए झूठे मुकदमों में फंसाकर जिंदगी भर जेल में सड़ाने की गंभीर धमकी भी दी। इस खौफनाक घटना के बाद जब पीड़ित न्याय की आस में कोहेफिजा थाने पहुंचा, तो वहां भी उसे निराशा ही हाथ लगी। पुलिस ने मामले की गंभीरता को दरकिनार करते हुए केवल आवेदन लेकर खानापूर्ति कर ली और आरोपियों के खिलाफ कोई ठोस कार्रवाई नहीं की। सरेआम हुई इस वारदात के बाद से पीड़ित और उसका परिवार पूरी तरह दहशत में है। राजधानी के बीचों-बीच से इस तरह अपहरण होना इस बात का साफ संकेत है कि बदमाशों को अब पुलिस का कोई खौफ नहीं रह गया है। कोहेफिजा पुलिस की इस लापरवाही और ढुलमुल रवैये से पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। थाने में सुनवाई न होने के बाद, अब पीड़ित ने पुलिस कमिश्नर सहित वरिष्ठ अधिकारियों से मामले में हस्तक्षेप कर न्याय की गुहार लगाई है, ताकि इन बेखौफ बदमाशों पर सख्त से सख्त कार्रवाई हो सके।
पुलिस सिर्फ आवेदन लेकर बैठी
इस मामले में पुलिस की घोर लापरवाही का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि शिकायत मिलने के बावजूद अब तक घटनास्थल और उसके आसपास के सीसीटीवी फुटेज तक नहीं निकाले गए हैं। डायमंड शादी हॉल और जिस रास्ते से युवक का अपहरण किया गया, वहां लगे कैमरों में यह पूरी वारदात और आरोपियों की हरकतें कैद होने की पूरी संभावना है। इसके बावजूद पुलिस द्वारा फुटेज न खंगालना उनकी कार्यप्रणाली पर एक बड़ा सवालिया निशान लगाता है। समय रहते अगर ये फुटेज जब्त नहीं किए गए, तो इस अहम सबूत के नष्ट होने का पूरा खतरा है, जिसका सीधा फायदा सरेआम गुंडागर्दी करने वाले इन बेखौफ आरोपियों को मिलेगा।



