भोपाल: अपराधियों पर नकेल कसने और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए भोपाल देहात पुलिस ने 24 और 25 अक्टूबर की दरमियानी रात विशेष कॉम्बिंग गश्त और वाहन चेकिंग अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक पंकज कुमार पाण्डेय के निर्देशन में चलाए गए इस अभियान में 91 पुलिसकर्मियों ने हिस्सा लिया।
रातभर ताबड़तोड़ कार्रवाई: अभियान के दौरान पुलिस टीमों ने फरार आरोपियों और लंबे समय से फरार चल रहे वारंटियों के ठिकानों पर दबिश दी। पुलिस ने कुल 100 वारंट (49 स्थायी और 51 गिरफ्तारी वारंट) तामील कराए। इसके अलावा 46 जमानती वारंट और 43 समंस भी तामील किए गए।
बदमाशों और वाहनों की जांच:
- पुलिस ने क्षेत्र के 37 गुंडा-बदमाशों और 25 निगरानीशुदा बदमाशों के घरों की चेकिंग की।
- मुगालिया कोट इलाके में विशेष चेकिंग पॉइंट लगाकर 13 दोपहिया और 5 चारपहिया वाहनों की बारिकी से जांच की गई।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आम जनता में सुरक्षा का भाव मजबूत करने और अपराधियों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए इस तरह के अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।







