भोपाल: शहर के करोंद स्थित भैरव बाबा मंदिर में चोरों ने धावा बोलकर दान पेटी चुरा ली। यह वारदात 26 अक्टूबर की रात करीब ढाई से तीन बजे के बीच की है। घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसके आधार पर पुलिस ने पुजारी की शिकायत पर एफआईआर दर्ज कर ली है। दान पेटी करीब एक साल से नहीं खोली गई थी, इसलिए उसमें रखी रकम का फिलहाल अनुमान नहीं लग पाया है।

मंदिर परिसर में रहने वाले पुजारी दिनेश पचौरी ने बताया कि रात करीब 10 बजे शयन आरती के बाद मंदिर बंद कर वे सोने चले गए थे। रात में तोड़फोड़ की आवाज सुनकर जब वे बाहर आए तो मुख्य चैनल गेट का ताला टूटा हुआ मिला। अंदर जाकर देखा तो दुर्गा मंदिर के सामने रखी दान पेटी गायब थी।
पुजारी ने बताया कि करीब एक महीने पहले भी इसी परिसर में स्थित शिव मंदिर की दान पेटी चोरी हुई थी, जिसकी शिकायत थाने में दर्ज कराई गई थी। लगातार हो रही इन वारदातों से स्थानीय लोगों में नाराजगी है। फिलहाल पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगालकर अज्ञात बदमाशों की तलाश में जुटी है।



