भोपाल: राजधानी के ISBT बस स्टैंड पर रविवार शाम वर्मा ट्रेवल्स की बसों में भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और एक के बाद एक करीब 8 बसें जलकर खाक हो गईं। गनीमत यह रही कि सभी बसें खाली खड़ी थीं, जिससे किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
ऑयल टैंकरों के पास खड़ी थीं बसें प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, आग की शुरुआत शुरुआती तौर पर 2 से 3 बसों में हुई थी, जो तेजी से फैलकर आसपास खड़ी अन्य बसों तक पहुंच गई। राहत की बात यह रही कि जिस जगह बसें खड़ी थीं, उसके आसपास ऑयल टैंकर भी मौजूद थे; समय रहते दमकल की गाड़ियों ने आग पर काबू पा लिया, वरना एक बड़ा हादसा हो सकता था।


नागपुर, अहमदाबाद और सूरत रूट की बसें थीं शामिल जलने वाली बसों में बालाघाट, सिवनी, इंदौर, नागपुर, अहमदाबाद और सूरत रूट पर चलने वाली बसें शामिल थीं। घटना के बाद इन सभी रूटों की ट्रिप और यात्रियों की बुकिंग कैंसिल कर दी गई हैं। ISBT से हर घंटे दर्जनों बसें रवाना होती हैं, इस घटना से कुछ समय के लिए यात्री सेवाएं भी प्रभावित हुईं।
4 से 5 करोड़ रुपए का नुकसान वर्मा ट्रेवल्स के मालिक दीपक वर्मा ने बताया कि इस हादसे में उन्हें 4 से 5 करोड़ रुपए का नुकसान हुआ है। उनकी किसी से कोई दुश्मनी नहीं है और आग लगने की असली वजह अभी तक सामने नहीं आ पाई है।
सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की करीब 10 से 15 गाड़ियां मौके पर पहुंच गईं और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया। पुलिस और प्रशासन मामले की जांच कर रहा है।




