छतरपुर: सिविल लाइन थाना पुलिस ने महिलाओं से चेन छीनने और बाइक चोरी करने वाले शातिर आरोपी निक्कू सिसोदिया (निवासी कंचनपुर) को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के पास से सोने की चेन, 11 पेंडेंट और वारदात में इस्तेमाल पल्सर बाइक समेत करीब 5 लाख रुपये का सामान जब्त किया गया है।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने 5 जुलाई को एक महिला आरक्षक की चेन छीनी थी, जिसमें उसका साथी आकाश शिवहरे पहले ही जेल जा चुका है, जबकि निक्कू फरार चल रहा था। इसके बाद उसने 14 अक्टूबर को सिविल लाइन इलाके से पल्सर बाइक चुराई और 15 अक्टूबर को मातगुवां तथा 16 अक्टूबर को महाराजपुर के डुमरा गांव में महिलाओं से गहने छीने।
जांच में सामने आया है कि आरोपी पर धोखाधड़ी, अवैध हथियार, चोरी और एनडीपीएस एक्ट जैसे 17 से ज्यादा संगीन मामले दर्ज हैं। वह मध्य प्रदेश के अलावा महाराष्ट्र में भी कई मामलों में वांटेड था। इस सराहनीय कार्रवाई पर पुलिस अधीक्षक ने आरोपी को पकड़ने वाली पुलिस टीम को 10 हजार रुपये के इनाम से सम्मानित करने की घोषणा की है।




