रीवा: शहर के पडरा मोहल्ला स्थित होटल क्राउन इन में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। खाद्य सुरक्षा विभाग की जांच में खुलासा हुआ है कि होटल में फास्ट फूड तैयार करने के लिए टॉयलेट के पानी का इस्तेमाल किया जा रहा था। जांच टीम को मौके पर भारी गंदगी भी मिली है।
लोग इस होटल से बड़े चाव से फास्ट फूड खाते थे, लेकिन उन्हें यहां की बेहद अस्वच्छ स्थिति की कोई जानकारी नहीं थी। खाद्य अधिकारी अमरीश दुबे ने बताया कि गंभीर अनियमितताएं मिलने के बाद विभाग ने होटल का लाइसेंस निरस्त करने और इसका संचालन तुरंत बंद कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
इस खुलासे के बाद शहर के अन्य होटलों और फास्ट फूड सेंटरों की साफ-सफाई और खाद्य सुरक्षा व्यवस्था पर भी बड़े सवाल खड़े हो गए हैं। स्थानीय लोगों ने मांग की है कि ऐसी जांच सिर्फ एक होटल तक सीमित न रहे, बल्कि शहरभर के सभी खाद्य संस्थानों की नियमित जांच की जाए।




