भोपाल: राजधानी में ग्रह शांति और पूजा-पाठ के नाम पर एक महिला से लाखों रुपए और भारी मात्रा में सोना-चांदी ठगने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। क्राइम ब्रांच ने इस ठगी के मास्टरमाइंड समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
शिकायतकर्ता पुरुषोत्तम शर्मा की पत्नी राजेश्वरी शर्मा को मुख्य आरोपी आशा यादव और उसके भाई मुकेश ने अपने जाल में फंसाया। आरोपियों ने तंत्र-मंत्र से परेशानियां दूर करने और रकम को दोगुना करने का झांसा दिया। इस झांसे में आकर महिला ने बैंक खाते में 7.16 लाख रुपए ट्रांसफर किए, 12.54 लाख रुपए नकद दिए और करीब 625 ग्राम सोना तथा 500 ग्राम चांदी के आभूषण सौंप दिए।
क्राइम ब्रांच ने मुख्य आरोपी आशा यादव को गिरफ्तार कर उसकी निशानदेही पर 11 ग्राम सोना बरामद किया। पूछताछ में खुलासा हुआ कि आशा के पति हरीश कुमार और उनके परिचित श्यान ने ठगी के जेवर कैपरी बैंक, आईआईएफएल और मुथूट फाइनेंस जैसी गोल्ड लोन कंपनियों में गिरवी रखकर लोन ले लिया था। पुलिस ने दोनों आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया है और इन संस्थानों में रखे जेवरों को फ्रीज कराने की कार्रवाई की जा रही है।
क्राइम ब्रांच ने मामला दर्ज कर लिया है और यह पता लगाने में जुटी है कि इस रैकेट में और कौन-कौन लोग शामिल हैं।




