भोपाल:
कोलार इलाके के अब्बास नगर में दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। शराब के लिए पैसे मांगने के विवाद में एक पति ने अपनी 38 वर्षीय पत्नी किरण कनाचिया पर कुल्हाड़ी से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले में गंभीर रूप से घायल किरण ने शुक्रवार सुबह हमीदिया अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। वहीं, आरोपी पति रमेश ने भी खुद पर ब्लेड से हमला कर आत्महत्या की कोशिश की, जिसकी हालत गंभीर बनी हुई है।
क्या है पूरा मामला?
पुलिस के मुताबिक, घटना 23 अक्टूबर की सुबह की है। रमेश को शराब पीने की लत थी और वह आए दिन पत्नी से पैसों की मांग करता था। दो साल पहले एक हादसे के बाद रमेश ने काम करना छोड़ दिया था, जिसके बाद से किरण ही लोगों के घरों में काम करके पूरे परिवार का खर्च चला रही थी। शराब के पैसों को लेकर पति-पत्नी में अक्सर विवाद होता था।
बेटी ने देखा खौफनाक मंजर
घटना के समय घर में सो रही बेटी अनुष्का की नींद खुली तो उसने मां को खून से लथपथ बेसुध हालत में देखा, और पास ही पिता रमेश भी घायल अवस्था में तड़प रहे थे। घर में चारों तरफ खून फैला हुआ था। सूचना मिलते ही कोलार थाना पुलिस मौके पर पहुंची और खून से सनी कुल्हाड़ी व शेविंग ब्लेड बरामद किया।
हत्या का मामला दर्ज करने की तैयारी
पुलिस ने शुरुआत में मर्ग कायम किया था, लेकिन पत्नी की मौत के बाद अब आरोपी पति रमेश के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज करने की तैयारी की जा रही है। पुलिस का कहना है कि आरोपी की हालत गंभीर है, और उसके ठीक होने या होश में आने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।




