भोपाल (कोतवाली) रविवार सुबह जैन मंदिर रोड पर एक बुजुर्ग महिला के गले से बाइक सवार दो बदमाश डेढ़ लाख रुपए कीमत की सोने की चेन झपटकर फरार हो गए।
इतवारा (पुराना पोस्ट ऑफिस) निवासी 62 वर्षीय ओमवती गुप्ता सुबह करीब 7:30 बजे पीरगेट स्थित माता मंदिर दर्शन करने जा रही थीं। जैसे ही वह सिरोजिया अग्रवाल धर्मशाला के पास पहुंचीं, पीछे से बाइक पर आए बदमाशों ने झपट्टा मारकर चेन खींच ली और जैन मंदिर की तरफ भाग निकले।
घबराई महिला की सूचना पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया। पुलिस अब आसपास लगे CCTV फुटेज खंगालकर बदमाशों की तलाश में जुटी है।




