खुरई: आगामी त्योहारों को देखते हुए पुलिस ने अवैध पटाखों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। मंगलवार को खुरई शहर पुलिस ने चंद्रशेखर आजाद वार्ड के एक घनी आबादी वाले रिहायशी मकान पर दबिश देकर बिना लाइसेंस रखे गए भारी मात्रा में पटाखे जब्त किए।
पुलिस के अनुसार, मुखबिर से सूचना मिली थी कि उक्त इलाके में अवैध रूप से पटाखों का भंडारण किया गया है। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच के दौरान सुतली बम, बुलेट बम, चकरी, रॉकेट, अनारदाना और आतिशबाजी की अन्य सामग्रियां बरामद कीं। जब्त किए गए पटाखों की अनुमानित कीमत 2.77 लाख रुपए बताई जा रही है।
पुलिस ने इस मामले में अभिषेक यादव (28) पुत्र कैलाश यादव, निवासी चंद्रशेखर आजाद वार्ड के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर आगे की वैधानिक जांच शुरू कर दी है। घनी आबादी के बीच इस तरह अवैध भंडारण से बड़ा हादसा हो सकता था, जिसे पुलिस की सतर्कता से टाल दिया गया।




