बड़वाह/इंदौर। 15 दिवसीय राज्य स्तरीय एंटी नारकोटिक्स अभियान के तहत बड़वाह पुलिस ने ब्राउन शुगर के दो मामलों में लंबे समय से फरार चल रहे 5 हजार रुपए के इनामी आरोपी को इंदौर से गिरफ्तार किया है। आरोपी करीब दो साल से पुलिस की पकड़ से दूर था।
पुलिस ने तकनीकी मदद और मुखबिर की सटीक सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए आरोपी को इंदौर के भंवरकुआं थाना क्षेत्र से दबोचा। इसके बाद उसे बड़वाह लाकर स्थानीय न्यायालय में पेश किया गया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान इमरान उर्फ काला (पिता ईशाक खान, निवासी ग्राम तिल्लौर, थाना खुड़ैल, जिला इंदौर) के रूप में हुई है। बड़वाह थाने में उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/21 के तहत अपराध क्रमांक 524/2022 और 76/2025 दर्ज हैं।
यह पूरी कार्रवाई पुलिस अधीक्षक (एसपी) रविन्द्र वर्मा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (एडिशनल एसपी) शकुंतला रुहल और एसडीओपी मुकेश इजारदार के मार्गदर्शन में की गई।
गिरफ्तारी टीम में थाना प्रभारी राजेन्द्र बर्मन, सउनि अजेश जायसवाल, प्रधान आरक्षक नितिन बौरसिया, आरक्षक रवि यादव, विनोद गुर्जर, विजय राठौर और शिवलाल आर्य शामिल रहे। इसके अलावा खरगोन साइबर सेल के उपनिरीक्षक पप्पू मौरे, सचिन, मगन, अभिलाष और अन्य स्टाफ का भी विशेष सहयोग रहा।




