भोपाल:
राजधानी के मिसरोद स्थित संजय नगर में नाली सफाई का वीडियो सोशल मीडिया पर डालना एक युवक को भारी पड़ गया। वीडियो वायरल होने से नाराज वर्तमान पार्षद के पति और उनके परिजनों पर युवक तथा उसके बुजुर्ग पिता के साथ मारपीट करने का गंभीर आरोप लगा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, संजय नगर निवासी गिरीश शर्मा के घर की नाली चोक हो गई थी, जिसे वे खुद साफ कर रहे थे। इस दौरान उनके परिचित अजय पाटीदार ने इसका एक छोटा सा वीडियो सोशल मीडिया पर अपलोड कर दिया। वीडियो वायरल होने से नाराज पूर्व पार्षद और वर्तमान पार्षद के पति रामबाबू पाटीदार ने कथित तौर पर रात में फोन कर युवक को रामलीला मैदान बुलाया।
अगली सुबह जब अजय मंदिर से लौट रहा था, तब रास्ते में उसे घेर लिया गया। आरोप है कि नाली साफ कराने के वीडियो को लेकर आरोपियों ने उसके साथ गाली-गलौज की और लात-घूंसों से मारपीट की। बेटे को पिटता देख जब 60 वर्षीय किसान पिता मुरलीधर पाटीदार बीच-बचाव करने पहुंचे, तो उन पर भी डंडे से हमला कर दिया गया, जिससे उनके माथे पर गंभीर चोट आई और खून बहने लगा।
घटना के संबंध में पीड़ित पक्ष ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है, जिसमें पूर्व पार्षद रामबाबू पाटीदार, उनके भाई और बेटों समेत कई लोगों पर मारपीट के आरोप लगाए गए हैं। पुलिस पूरे मामले की कानूनी जांच में जुटी है।



