भोपाल ऐशबाग स्थित एमपी हाउसिंग बोर्ड के जर्जर ईडब्ल्यूएस (जनता क्वार्टर) मकानों पर 14 नवंबर से बुलडोजर चलाया जाएगा। हाउसिंग बोर्ड ने सभी रहवासियों को 13 नवंबर तक मकान खाली करने का अंतिम नोटिस जारी कर दिया है।
प्रशासन के अनुसार, इन 600 मकानों में से सिर्फ 110 लोग ही वैध आवंटी हैं, जबकि करीब 490 मकानों पर अवैध कब्जे हैं। मई 2016 में ही नगर निगम ने इन भवनों को जर्जर घोषित कर दिया था, जिसके बाद अब 14 नवंबर को भारी पुलिस बल की मौजूदगी में इन्हें गिराया जाएगा।
मध्य प्रदेश पुनर्विकास नीति-2022 के तहत इस पूरी जगह का री-डेवलेपमेंट किया जाएगा, जहां आधुनिक बहुमंजिला फ्लैट्स बनाए जाएंगे। वैध आवंटियों को उनके पुराने मकान से 20 प्रतिशत बड़े नए फ्लैट मिलेंगे और निर्माण अवधि के दौरान कलेक्टर दर पर किराया सीधे उनके खातों में भेजा जाएगा। हालांकि, यह लाभ केवल सहमति देने वाले वैध आवंटियों को ही मिलेगा, जबकि अवैध कब्जाधारियों को किसी प्रकार का मुआवजा या किराया नहीं दिया जाएगा।




