भोपाल:
राजधानी के शाहपुरा थाना क्षेत्र में बेखौफ बदमाशों ने एक सनसनीखेज वारदात को अंजाम दिया है। रविवार शाम घर के पास टहलकर लौट रहे एक न्यूज एजेंसी के पत्रकार संदीप सिंह के हाथ से बाइक सवार दो बदमाश डेढ़ लाख रुपए कीमत का महंगा मोबाइल फोन झपटकर फरार हो गए।
घटना उस समय हुई जब पत्रकार मुख्य सड़क से अपने घर की ओर जाते समय फोन पर बात कर रहे थे। पीछे से आए बाइक सवार बदमाशों ने चलती बाइक से ही झपट्टा मारा और पलक झपकते ही तेज रफ्तार से फरार हो गए।
सूचना मिलते ही शाहपुरा पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने पर बदमाश वारदात को अंजाम देते हुए नजर आए हैं, हालांकि कैमरा दूर होने के कारण उनके चेहरे और बाइक का नंबर साफ नहीं दिख सका है। पुलिस अब अन्य रास्तों के कैमरों की मदद से आरोपियों की तलाश कर रही है।




