भोपाल:
राजधानी में 4 नवंबर को अटल पथ से रोशनपुरा चौराहे तक निकलने वाली भाजपा की प्रस्तावित पदयात्रा को लेकर विवाद और चिंताएं सामने आने लगी हैं। धनतेरस जैसे बड़े त्योहारी सीजन के ठीक एक दिन पहले होने वाले इस आयोजन से न्यू मार्केट और आसपास के व्यस्त बाजारों में भीषण जाम लगने और व्यापार प्रभावित होने की आशंका जताई जा रही है।
इस संबंध में स्थानीय नागरिक अभिनव बरोलिया माली ने प्रदेश भाजपा अध्यक्ष को पत्र लिखकर पदयात्रा का रूट बदलने या इसे स्थगित करने की मांग की है।
व्यापारियों और ग्राहकों की बढ़ सकती है परेशानी
पत्र में कहा गया है कि धनतेरस और दीपावली के मौके पर न्यू मार्केट, जवाहर चौक और शहर के मध्य क्षेत्रों में खरीदारी के लिए भारी भीड़ उमड़ती है। ऐसे व्यस्त समय में मुख्य मार्गों पर राजनीतिक आयोजन होने से यातायात व्यवस्था चरमरा सकती है, जिससे ग्राहकों की आवाजाही रुक जाएगी और व्यापारियों का सालभर का सबसे अहम कारोबार प्रभावित होगा।
दिल्ली के विरोध-प्रदर्शनों का दिया हवाला
पत्र में दिल्ली में कांग्रेस के प्रदर्शनों के दौरान बाजारों में लगे जाम पर भाजपा और व्यापारी संगठनों द्वारा उठाए गए मुद्दों का भी जिक्र किया गया है। मांग की गई है कि राजनीतिक शक्ति प्रदर्शन के बजाय त्योहारी सीजन में आम जनता की सुविधा और व्यापारियों के व्यावसायिक हितों को प्राथमिकता दी जानी चाहिए।




