भोपाल। दिवाली पर्व से ठीक पहले पुलिस और प्रशासन की संयुक्त टीम ने पुराने भोपाल में बड़ी कार्रवाई की है। घनी आबादी और भीड़भाड़ वाले बाजार में अवैध रूप से बेचे जा रहे करीब 6 लाख 18 हजार रुपये के पटाखे (विस्फोटक सामग्री) जब्त किए गए हैं।
कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक अपाला सिंह को मुखबिर से सूचना मिली थी कि बाजार के अंदर बस्ती में खतरनाक तरीके से पटाखे बेचे जा रहे हैं। किसी भी बड़े हादसे की आशंका को देखते हुए एसडीएम, तहसीलदार और कोतवाली पुलिस ने तुरंत संयुक्त टीम बनाकर तीन दुकानों पर छापा मारा।
तीन आरोपियों पर हुई कार्रवाई इस छापेमारी में पुलिस ने तीन आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की है। इनमें कोहेफिजा निवासी धनराज भटेजा और सुनील भटेजा (हाल मुकाम- लक्की कलेक्शन, कोतवाली रोड) के पास से सबसे ज्यादा, करीब 6 लाख 37 हजार रुपये के पटाखे बरामद हुए हैं। वहीं, मारवाड़ी रोड निवासी अल्ताफ अनवर खान के पास से 10 हजार रुपये के पटाखे जब्त किए गए हैं।
पुलिस ने आरोपी धनराज भटेजा के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 288 और विस्फोटक अधिनियम 9(b) के तहत मामला दर्ज कर लिया है। रिहायशी इलाके में हुई प्रशासन की इस सख्त कार्रवाई से अवैध पटाखा कारोबारियों में हड़कंप मच गया है।



