Tuesday, November 10, 2026
25.1 C
Bhopal

विदिशा में ‘ऑपरेशन क्लीन स्वीप’ के तहत बड़ी कार्रवाई: ब्योची गांव में 52 लाख का 104 किलो गांजा जब्त, तस्कर दबोचा

विदिशा। जिले में मादक पदार्थों की अवैध तस्करी पर नकेल कसने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान ‘ऑपरेशन क्लीन स्वीप’ के तहत करारिया चौराहा थाना पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने मुखबिर की सटीक सूचना पर ग्राम ब्योची में दबिश देकर घर के सामने बनी सार (पशुबाड़ा/अहाता) से 104.14 किलोग्राम अवैध मादक पदार्थ गांजा बरामद किया है। अंतरराष्ट्रीय व स्थानीय बाजार में जब्त नशे की इस बड़ी खेप की अनुमानित कीमत करीब 52 लाख रुपये आंकी गई है। मौके से 26 वर्षीय एक तस्कर को रंगे हाथों गिरफ्तार कर एनडीपीएस एक्ट के तहत सख्त कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

सार में छिपाकर रखी थी नशे की भारी खेप करारिया चौराहा थाना पुलिस को गोपनीय सूचना मिली थी कि ग्राम ब्योची निवासी एक युवक ने अपने घर के अहाते में भारी मात्रा में नशीला पदार्थ जमा कर रखा है, जिसे आसपास के इलाकों में खपाने की तैयारी चल रही थी। इनपुट मिलते ही वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराकर एक विशेष टीम गठित की गई। पुलिस टीम ने गांव में पहुंचकर संदेही के ठिकाने की चारों तरफ से घेराबंदी की। तलाशी के दौरान सार में बोरियों व पैकेटों में छिपाकर रखा गया 104.14 किलो गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने मौके से ब्योची निवासी जितेंद्र (26) पुत्र हल्के उर्फ भारत सिंह मीणा को हिरासत में लिया।

एनडीपीएस एक्ट में प्रकरण दर्ज, नेटवर्क खंगालने में जुटी टीम तलाशी व जब्ती की विधिवत पंचनामा कार्रवाई पूरी कर पुलिस ने आरोपी जितेंद्र मीणा को विधिवत गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के खिलाफ नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रोपिक सब्सटेंस (एनडीपीएस) एक्ट की धारा 8/20 के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया है। इतनी बड़ी मात्रा में मादक पदार्थ की बरामदगी के बाद पुलिस अब इस पूरे रैकेट की कड़ियां जोड़ने में जुट गई है। आरोपी से गहन पूछताछ की जा रही है कि वह यह खेप किस राज्य या जिले से लेकर आया था, इसका मुख्य सरगना कौन है और स्थानीय स्तर पर किन-किन फुटकर विक्रेताओं को इसकी आपूर्ति की जानी थी। पुलिस का मानना है कि पूछताछ के आधार पर जिले में सक्रिय बड़े नशा नेटवर्क और कई अन्य तस्करों के नामों का पर्दाफाश हो सकता है।

वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में हुई त्वरित कार्रवाई जिले में नशे के अवैध कारोबार को जड़ से समाप्त करने के उद्देश्य से यह सुनियोजित कार्रवाई पुलिस अधीक्षक रोहित काशवानी के सख्त निर्देशों पर अमल में लाई गई। अभियान के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मोनिका तिवारी एवं नगर पुलिस अधीक्षक सुरेंद्र सिंह के कुशल मार्गदर्शन में करारिया चौराहा थाना प्रभारी सीमा राय ने अपनी टीम के साथ मौके पर तत्परता दिखाते हुए छापेमारी को अंजाम दिया। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में नशे के सौदागरों के खिलाफ ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति के तहत आगे भी लगातार कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।

Hot this week

तेंदुए के हमले के बाद बाग मुगालिया ईको पार्क में वॉक पर रोक, इलाके में बाघ की भी आशंका

भोपाल। बाग मुगालिया स्थित लहारपुर ईको लॉजिकल पार्क में...

पारिवारिक विवाद में युवक पानी की टंकी से कूदा, गंभीर हालत में भर्ती

भोपाल (बैरसिया)। गुनगा गांव में पारिवारिक कलह के चलते...

Topics

पारिवारिक विवाद में युवक पानी की टंकी से कूदा, गंभीर हालत में भर्ती

भोपाल (बैरसिया)। गुनगा गांव में पारिवारिक कलह के चलते...

बुजुर्ग महिला पर जानलेवा हमला, जेवर लूटने का प्रयास; एसपी से न्याय की गुहार

नरसिंहपुर। जिले के ठेमी थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम तिंदनी...
spot_img

Related Articles

Popular Categories

spot_imgspot_img