ग्वालियर। स्टेशन बजरिया तिराहे पर रॉन्ग साइड से आ रहे बाइक सवार को रोकना ट्रैफिक पुलिस को भारी पड़ गया। रोक-टोक से नाराज युवक पुलिसकर्मियों से उलझ गया और अभद्रता करने लगा। विवाद इतना बढ़ा कि दोनों पक्षों के बीच हाथापाई और थप्पड़बाजी तक की नौबत आ गई।
जानकारी के अनुसार, तिराहे पर वाहनों की जांच कर रहे ट्रैफिक ASI सोनेराम ने उल्टी दिशा से आ रहे एक बाइक सवार को रोका था। इस पर युवक आगबबूला हो गया और बहस करते हुए पुलिसकर्मियों को अपशब्द कहने लगा। कहासुनी के दौरान ASI ने युवक को चांटा मार दिया, जिस पर युवक ने भी पलटकर पुलिस अधिकारी को थप्पड़ जड़ दिया। मौके पर मौजूद आरक्षक अंकित शर्मा ने तुरंत बीच-बचाव करते हुए पाइप से युवक की धुनाई कर दी।
घटना का वीडियो सामने आने के बाद मामला चर्चा में आ गया है। सूचना मिलते ही पड़ाव थाना पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने आरोपी की बाइक जब्त कर उसके खिलाफ शासकीय कार्य में बाधा डालने सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।




