भोपाल। लोक आस्था के महापर्व छठ को लेकर राजधानी के घाटों पर तैयारियां जोर-शोर से शुरू हो गई हैं। श्रद्धालुओं को पूजा-अर्चना में किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसे लेकर हुजूर विधायक रामेश्वर शर्मा ने मंगलवार को विभिन्न छठ घाटों का स्थलीय निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान विधायक ने घाटों पर चल रहे निर्माण कार्य, साफ-सफाई, सुरक्षा और स्वच्छ जल की उपलब्धता की समीक्षा की। उन्होंने मौके पर मौजूद अधिकारियों को निर्देश दिए कि श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए अगले दो से तीन दिनों के भीतर सभी आवश्यक कार्य पूरे कर लिए जाएं।
विधायक शर्मा ने कहा कि छठ महापर्व अब किसी एक क्षेत्र तक सीमित न रहकर संपूर्ण सनातन समाज की गहरी आस्था का प्रतीक बन चुका है। देश-विदेश में इसे पूरे उत्साह और पवित्रता के साथ मनाया जाता है। उन्होंने कहा कि भोपाल में भी श्रद्धालुओं को पवित्र नदियों जैसा वातावरण देने के लिए घाटों पर स्वच्छ व शुद्ध जल की पुख्ता व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है। विधायक ने शहरवासियों को पर्व की अग्रिम शुभकामनाएं भी दीं।




