पिछोर (शिवपुरी)। पिछोर से भाजपा विधायक प्रीतम लोधी एक बार फिर विवादों में घिर गए हैं। इस बार उनकी ही पार्टी के खोड़ मंडल महामंत्री मनोज सगर ने उन पर गंभीर आरोप लगाए हैं। सोशल मीडिया पर सामने आए एक वीडियो में मनोज सगर ने क्षेत्र में विधायक का आतंक होने और उनके समर्थकों द्वारा मारपीट किए जाने का दावा किया है।
जानकारी के अनुसार, सोमवार रात मनोज सगर अपने एक मित्र के शोरूम पर बैठे थे। आरोप है कि इसी दौरान अज्जू लोधी और श्याम लोधी ने उनके साथ मारपीट की। घटना के बाद पिछोर थाने पहुंचे पीड़ित ने वीडियो जारी कर न्याय की गुहार लगाई। खुद को भाजपा जिलाध्यक्ष जसवंत जाटव का रिश्तेदार बताने वाले मनोज ने कहा कि वे बेकसूर हैं और इस घटना के प्रत्यक्षदर्शी भी मौजूद हैं।
मामले पर पिछोर थाना प्रभारी नीतू सिंह अहिरवार ने बताया कि शिकायती आवेदन मिला है, जिसकी जांच की जा रही है। जांच के बाद ही स्थिति साफ होगी।
उधर, विधायक प्रीतम लोधी ने सभी आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि वे मनोज सगर या मारपीट के आरोपियों को जानते तक नहीं हैं। खोड़ मंडल शिवपुरी विधानसभा क्षेत्र में आता है, इसलिए उनका इनसे कोई वास्ता नहीं है।



