उज्जैन। डेढ़ साल पहले खाए गए पान के 500 रुपए उधार मांगना एक दुकानदार को महंगा पड़ गया। उधारी की रकम मांगने से नाराज चार युवकों ने मंगलवार रात करीब 11 बजे दुकान पर पहुंचकर जमकर हंगामा किया और तोड़फोड़ कर दी। हैरानी की बात यह है कि यह पूरी वारदात तराना पुलिस थाने से महज 50 मीटर की दूरी पर हुई।
जानकारी के अनुसार, थाने के पास स्थित ‘महाकाल पान सदन’ के संचालक राहुल यादव के करीब डेढ़ साल पुराने 500 रुपए उधार बाकी थे। राहुल ने जब संबंधित युवकों से अपने पैसे मांगे, तो विवाद शुरू हो गया। आरोप है कि इसी बात से भड़के चार लोगों ने रात में दुकान पर धावा बोल दिया और सामान में तोड़फोड़ शुरू कर दी। अचानक हुए इस हंगामे से इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
बुधवार दोपहर करीब 1 बजे घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें आरोपी दुकान पर उत्पात मचाते और तोड़फोड़ करते साफ नजर आ रहे हैं।
तराना थाना प्रभारी रामनारायण सिंह भदोरिया ने बताया कि दुकानदार की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर मुख्य नामजद आरोपी ऋतिक पिता अशोक यादव को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर वारदात में शामिल अन्य आरोपियों की पहचान और उनकी भूमिका की जांच कर रही है।



