अशोकनगर। कोतवाली पुलिस ने न्यायालय परिसर से अधिवक्ता की बाइक चोरी के मामले का खुलासा करते हुए गुना जिले के एक शातिर चोर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर करीब 20 लाख रुपये कीमत की चोरी की 20 मोटरसाइकिलें बरामद की हैं।
तायड़े कॉलोनी निवासी एडवोकेट रामनिवास रघुवंशी ने 29 अक्टूबर 2026 को कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई थी कि न्यायालय परिसर में खड़ी उनकी बाइक (MP 67 ZB 1025) अज्ञात चोर ले उड़े हैं। मामला दर्ज होने के बाद पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एक विशेष टीम गठित की गई। टीम ने न्यायालय परिसर के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और मुखबिर तंत्र व तकनीकी साक्ष्यों की मदद से आरोपी की पहचान कर उसे दबोच लिया।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम नख पिता पृथ्वीराज मीना (40), निवासी दीतलवाड़ा (थाना राघौगढ़, जिला गुना) बताया। उसने अशोकनगर के अलावा भोपाल, गुना, शिवपुरी, राजगढ़ और राजस्थान से भी वाहन चुराना स्वीकार किया है। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर वकील की बाइक समेत हीरो स्प्लेंडर, एचएफ डीलक्स, होंडा शाइन, बुलेट और टीवीएस अपाचे जैसी कुल 20 बाइकें जब्त की हैं। आरोपी को कोर्ट में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया गया है, जिससे चोरी की अन्य वारदातों का भी खुलासा होने की उम्मीद है।
इस पूरी कार्रवाई में कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक रविप्रताप सिंह चौहान, एसआई संजय गुप्ता, मसीह खान, एएसआई अभिजीत सिंह, प्रशांत भदौरिया, विनोद तिवारी और देशराज भील सहित अन्य पुलिसकर्मियों की मुख्य भूमिका रही।



