डिंडोरी। जिले के बजाग विकासखंड स्थित ग्राम पंचायत हर्रा में धान खरीदी और कस्टम मिलिंग में बड़ा फर्जीवाड़ा सामने आया है। जांच रिपोर्ट मिलने के बाद कलेक्टर अंजू पवन भदौरिया ने शनिवार को बजाग तहसीलदार को हरिहर ट्रेडर्स और हरिहर राइस मिल के संचालकों के खिलाफ थाने में एफआईआर (FIR) दर्ज कराने के निर्देश दिए हैं।
किसानों के नाम पर फर्जी खरीदी जांच में खुलासा हुआ कि हरिहर ट्रेडर्स के नाम पर 140 किसानों से 1.22 लाख क्विंटल से अधिक धान की खरीदी दिखाकर 26.24 करोड़ रुपये से ज्यादा का भुगतान दर्शाया गया। जबकि हकीकत में इन किसानों ने न तो धान बेचा और न ही उन्हें कोई पैसा मिला। किसानों के नाम, मोबाइल और आधार नंबर का गलत इस्तेमाल कर फर्जी एंट्री की गई।
घटिया चावल जमा कराने का आरोप दूसरी ओर, हरिहर राइस मिल के संचालक सोनेश खन्नूजा पर सरकारी धान की मिलिंग न कर उसे खुर्द-बुर्द करने का आरोप है। उन्होंने बाजार से घटिया चावल खरीदकर निगवानी गोदाम में जमा करा दिया, जो तय मानकों पर फेल पाया गया। जांच दल ने इसे आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत दंडनीय अपराध माना है। इससे पहले शुक्रवार को जबलपुर ईओडब्ल्यू (EOW) की टीम ने भी गोरखपुर कृषि उपज मंडी में छापा मारकर इस गड़बड़ी से जुड़े दस्तावेज जब्त किए थे।




