बैरसिया। कलेक्टर प्रियंक मिश्रा ने शुक्रवार को बैरसिया तहसील का दौरा कर विकास कार्यों व बुनियादी सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने बिरहाई जलाशय का निरीक्षण करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि क्षेत्र की बढ़ती आबादी को देखते हुए भविष्य की जल मांग का आकलन कर निर्बाध जलापूर्ति की ठोस योजना बनाएं। साथ ही जलाशय की जैव विविधता के पंजीयन और प्रवासी पक्षियों के सर्वेक्षण के निर्देश भी दिए।
इसके बाद कलेक्टर ने ग्राम पंचायत डुंगरिया के मड़ माताजी मंदिर परिसर में आयोजित मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान शिविर में शिरकत की। यहां उन्होंने लाड़ली लक्ष्मी, मुख्यमंत्री रजिस्ट्री, सामाजिक सुरक्षा पेंशन और पीएम स्वनिधि योजना के पात्र हितग्राहियों को लाभ वितरित किए व पौधारोपण किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कलेक्टर ने कहा कि स्वयं सहायता समूहों से जुड़कर ग्रामीण महिलाओं का आत्मनिर्भर बनना विकास की मजबूत नींव है। शिविर में बैंक सखी रेखा राजपूत और तुलसा बाई ने समूह से जुड़कर हुए आर्थिक सुधार के अनुभव साझा किए। कलेक्टर ने ग्रामीणों से जीवन बीमा कराने, हेलमेट पहनने और नशामुक्ति की अपील करते हुए सभी को बाल विवाह रोकने की शपथ दिलाई।
ग्राम सुरक्षा समितियों को सक्रिय करने पर जोर कार्यक्रम में मौजूद पुलिस अधीक्षक (देहात) पंकज पांडेय ने ग्राम सुरक्षा समितियों को सक्रिय रखने और साइबर ठगी होने पर तत्काल हेल्पलाइन नंबर 1930 पर सूचना देने की अपील की। उन्होंने क्षेत्र के वेयरहाउस और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में सीसीटीवी कैमरे लगवाने के निर्देश भी दिए। शिविर में जिला पंचायत उपाध्यक्ष मोहन सिंह जाट, जिला पंचायत सीईओ इला तिवारी, एसडीएम शिवांगी बघेल, एसडीओपी वैशाली सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधि व अधिकारी मौजूद रहे।






