भोपाल। परवलिया सड़क थाना क्षेत्र स्थित मुबारकपुर जोड़ पर एक तेज रफ्तार अज्ञात थार ने बाइक सवार दो युवकों को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में 26 वर्षीय युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि उसका बहनोई गंभीर रूप से घायल है। पुलिस ने मर्ग कायम कर फरार वाहन चालक की तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान बैरसिया निवासी जसपाल अहिरवार (26) के रूप में हुई है। वह अयोध्या बायपास स्थित एक ढाबे पर काम करता था। गुरुवार को जसपाल अपने बहनोई विक्रम के साथ एक रिश्तेदार को देखने परवलिया स्थित अस्पताल गया था। वहां से बाइक पर भोपाल लौटते समय मुबारकपुर जोड़ पर सामने से आ रही अज्ञात थार ने उन्हें टक्कर मार दी।
राहगीरों की मदद से दोनों घायलों को हमीदिया अस्पताल पहुंचाया गया, जहां शुक्रवार सुबह उपचार के दौरान जसपाल ने दम तोड़ दिया। वहीं, विक्रम की स्थिति नाजुक बनी हुई है। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है और आरोपी चालक की पहचान के लिए आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है।



