इंदौर। विजय नगर पुलिस ने बस बॉडी निर्माण के नाम पर करीब 2.24 करोड़ रुपए की धोखाधड़ी करने वाले मुख्य आरोपी को उत्तर प्रदेश के लखनऊ से गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान भमौरी स्थित ‘एमबी बस बॉडी बिल्डर’ वर्कशॉप के संचालक मोहित दीक्षित (पिता सत्यनारायण दीक्षित) के रूप में हुई है। कोर्ट ने आरोपी को 1 दिसंबर तक पुलिस रिमांड पर भेजा है।
विजय नगर थाना प्रभारी चंद्रकांत पटेल ने बताया कि आरोपी के खिलाफ जनवरी 2025 से अक्टूबर 2026 के बीच ठगी की शिकायतें मिली थीं। राजा देब्यांशु सहित कुल 14 लोगों ने पुलिस को बताया कि मोहित ने बस बॉडी बनाने के नाम पर उनसे मोटी रकम ली, लेकिन काम पूरा करने के बजाय पैसों का निजी उपयोग कर लिया। इसके अलावा उसने सामान देने वाले सप्लायरों और मजदूरों की मजदूरी भी नहीं चुकाई।
दस्तावेजों की जांच के बाद पुलिस ने 6 अक्टूबर 2026 को आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धारा 316(2) और 316(5) के तहत केस दर्ज किया था। तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने 25 नवंबर को लखनऊ में दबिश देकर उसे दबोच लिया। पुलिस अब रिमांड के दौरान गबन की गई राशि बरामद करने और इस ठगी में शामिल अन्य लोगों के बारे में पूछताछ कर रही है।




