भोपाल। कटारा हिल्स थाना क्षेत्र में अंधेरे का फायदा उठाकर एक महिला के साथ छेड़छाड़ और गाली-गलौज करने वाले आरोपी को पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज और मुखबिर की सूचना के आधार पर आरोपी की पहचान कर उसे हिरासत में लिया।
पुलिस के अनुसार, 25 नवंबर की रात करीब 10:30 बजे कटारा हिल्स इलाके में एक महिला के साथ अज्ञात व्यक्ति ने छेड़छाड़ की और विरोध करने पर गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने बीएनएस की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी संतोष रघुवंशी के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई। टीम ने घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और मुखबिरों को सक्रिय किया। सुराग मिलने पर पुलिस ने मदनी नगर झुग्गी, कटारा हिल्स निवासी 40 वर्षीय मासूम खान को धर दबोचा। सख्ती से पूछताछ करने पर आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया, जिसके बाद पुलिस ने उसके खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की।



