ग्वालियर। ऑनलाइन ट्रेडिंग और घर बैठे कमाई का लालच देकर साइबर ठगों ने शहर के एक कारोबारी को 5 लाख 23 हजार 439 रुपए का चूना लगा दिया। ठगों ने पहले पीड़ित के खाते में 200 रुपए का बोनस भेजकर उसका भरोसा जीता और फिर टेलीग्राम ग्रुप के जरिए मोटे मुनाफे का झांसा देकर किस्तों में लाखों रुपए ऐंठ लिए। ग्वालियर थाना पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, खिड़की मोहल्ला निवासी 28 वर्षीय अंश मित्तल गोदाम संचालक हैं। 6 नवंबर की सुबह उनके वॉट्सऐप पर एक विदेशी नंबर से ऑनलाइन ट्रेनिंग का मैसेज आया। सहमति देने पर ठग ने बोनस के नाम पर बैंक डिटेल लेकर उनके खाते में यूपीआई से 200 रुपए भेज दिए।
रकम आते ही अंश ठगों के झांसे में आ गए। इसके बाद उन्हें ‘BITGET TASK 18-1’ नाम के टेलीग्राम ग्रुप से जोड़ा गया। यहां टास्क पूरा करने और प्रीमियम मेंबरशिप के नाम पर उनसे पहले 4 हजार रुपए और फिर अलग-अलग किस्तों में 3 लाख 86 हजार 510 रुपए ट्रांसफर करा लिए गए।
जब अंश ने मुनाफे सहित अपनी रकम वापस मांगी, तो ठगों ने तकनीकी खराबी का बहाना बनाया और और पैसे जमा करने का दबाव डाला। लालच में आकर अंश ने अपने दोस्त चक्रेश डंडौतिया के दो क्रेडिट कार्ड से भी 49,210 और 83,719 रुपए ट्रांसफर कर दिए।
लगातार पैसों की मांग जारी रहने पर अंश को ठगी का अहसास हुआ, जिसके बाद उन्होंने साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 और बैंक में शिकायत दर्ज कराई। ग्वालियर थाना प्रभारी प्रशांत शर्मा ने बताया कि ई-जीरो एफआईआर के आधार पर अज्ञात साइबर ठग के खिलाफ केस दर्ज कर बैंक खातों और मोबाइल नंबरों की जांच की जा रही है।



