रायसेन। युद्ध और हवाई हमले जैसी आपात स्थिति से निपटने की तैयारियां परखने के लिए बुधवार रात जिला पुलिस लाइन में मॉकड्रिल की गई। इस दौरान पूरे शहर में ब्लैकआउट रखा गया। अभ्यास के तहत एक इमारत में धमाके के साथ आग लगने और आठ लोगों के घायल होने का दृश्य बनाया गया।
सूचना मिलते ही पुलिस, फायर ब्रिगेड, होमगार्ड और स्वास्थ्य विभाग की टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं। बचाव दल ने इमारत में फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला, आग पर काबू पाया और घायलों को एंबुलेंस के जरिए जिला अस्पताल पहुंचाने का अभ्यास किया।
ब्लैकआउट के माध्यम से यह परखा गया कि आपात हालात में शहर की पहचान छिपाने की व्यवस्था कितनी कारगर है। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि यह महज एक अभ्यास था, जिससे लोगों में किसी तरह का भ्रम न फैले।
एडीएम मनोज उपाध्याय ने बताया कि शासन के निर्देश पर किसी भी बड़ी आपदा या हमले के समय राहत एजेंसियों के आपसी तालमेल और तुरंत मदद पहुंचाने की क्षमता को जांचने के लिए यह मॉकड्रिल कराई गई है। इस मौके पर एसडीएम मनीष शर्मा, सीएमएचओ डॉ. दिनेश खत्री, होमगार्ड कमांडेंट उमेश तिवारी, एसडीओपी आकांक्षा तलया, तहसीलदार भरत सिंह सहित अन्य विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।










