शादी का झांसा देकर कैंपस स्थित क्वार्टर में किया शोषण, आरोपी फरार
भोपाल। माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय (एमसीयू) की 22 वर्षीय छात्रा के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आया है। छात्रा ने विश्वविद्यालय के ही एक कर्मचारी आनंददीप सिंह भामरा पर शादी का झांसा देकर शारीरिक शोषण करने का आरोप लगाया है। पीड़िता की शिकायत पर रातीबड़ थाना पुलिस ने प्राथमिक जांच के बाद बुधवार देर रात आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म की धाराओं में एफआईआर दर्ज कर ली है। फिलहाल आरोपी पुलिस की गिरफ्त से बाहर है।
मदद के बहाने बढ़ाईं नजदीकियां, तलाक का दिया झांसा पुलिस को दी शिकायत में छात्रा ने बताया कि विश्वविद्यालय में पढ़ाई के दौरान उसकी पहचान कर्मचारी आनंददीप से हुई थी। आरोपी छोटे-मोटे कामों में उसकी मदद करता था। इसी बहाने दोनों के बीच बातचीत बढ़ी, जो पहले दोस्ती और फिर प्रेम संबंध में बदल गई। आरोपी पहले से शादीशुदा था, लेकिन उसने छात्रा को यह कहकर अपने जाल में फंसाया कि वह जल्द ही अपनी पत्नी को तलाक देकर उससे शादी कर लेगा।
कैंपस के क्वार्टर में बुलाकर किया दुष्कर्म पीड़िता का आरोप है कि शादी का भरोसा दिलाकर आरोपी ने 27 अगस्त को पहली बार कॉलेज कैंपस स्थित अपने सरकारी क्वार्टर में उसके साथ दुष्कर्म किया। इसके बाद वह लगातार शादी का वादा कर उसका शारीरिक शोषण करता रहा। हाल ही में जब छात्रा ने उस पर शादी करने का दबाव बनाया, तो आरोपी ने साफ इनकार कर दिया। खुद को ठगा महसूस करने पर छात्रा ने हिम्मत जुटाकर रातीबड़ थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मामला दर्ज कर लिया गया है और आरोपी की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।



