देवास। मोतीबंगला इलाके में सूने मकान का ताला तोड़कर लाखों के जेवर चुराने वाले गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। वारदात के 18 दिन बाद पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि उनका एक साथी अभी फरार है। पकड़े गए आरोपियों के पास से 40 ग्राम सोना और करीब 200 ग्राम चांदी बरामद की गई है।
ऑपरेशन त्रिनेत्रम के कैमरों से मिला सुराग कंपनी कर्मी अश्विनी विश्वकर्मा के सूने मकान में 7 नवंबर की रात चोरी हुई थी। जांच के दौरान पुलिस ने ‘ऑपरेशन त्रिनेत्रम’ के तहत लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। फुटेज में दो संदिग्ध चोरी के बाद सुबह गुरुद्वारे के सामने बैठे नजर आए। अलग-अलग कैमरों की कड़ियां जोड़ने पर पता चला कि आरोपी पैदल बस स्टैंड पहुंचे और भोपाल की बस में बैठकर फरार हो गए।
रातभर रेकी कर की थी चोरी पुलिस के मुताबिक, आरोपी भोपाल से बस में सवार होकर देवास आए थे। उन्होंने रातभर मोहल्ले में घूमकर सूने मकान की रेकी की और वारदात को अंजाम देकर सुबह वापस भोपाल लौट गए। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर भोपाल तक पीछा करते हुए पुलिस ने तीन आरोपियों को दबोच लिया। फिलहाल फरार चौथे आरोपी की तलाश की जा रही है।



