भोपाल। मध्य प्रदेश के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) कैलाश मकवाना के कार्यकाल में विस्तार होने की संभावनाएं तेज हो गई हैं। 30 नवंबर को होने वाली उनकी विदाई परेड की तैयारियों को अचानक रोक दिया गया है। परेड की रिहर्सल के लिए प्रदेशभर से भोपाल बुलाए गए पुलिस बल को भी वापस उनके मूल जिलों में भेज दिया गया है।
रिहर्सल के लिए बुलाए गए जवान लौटे विदाई परेड के आयोजन के लिए 14 नवंबर को आदेश जारी कर सभी जिलों और विभागों से पुलिस जवानों को भोपाल बुलाया गया था। लेकिन 24 नवंबर को अचानक इन जवानों को तत्काल वापस लौटने के निर्देश जारी कर दिए गए, जिसके बाद 25 नवंबर तक सभी पुलिसकर्मी अपने-अपने पदस्थापना स्थलों पर लौट गए।
पैनल तैयार, पर नहीं खुला लिफाफा हालांकि, राज्य सरकार की ओर से मकवाना के सेवा विस्तार (एक्सटेंशन) का औपचारिक आदेश अभी जारी नहीं हुआ है। इससे पहले नए डीजीपी के चयन के लिए करीब एक महीने से प्रक्रिया चल रही थी। यूपीएससी की बैठक में वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी वरुण कपूर, उपेंद्र जैन और प्रज्ञा ऋचा श्रीवास्तव के नामों का पैनल भी तैयार कर लिया गया था, लेकिन इसका लिफाफा नहीं खोला गया। अब विदाई परेड स्थगित होने के बाद मकवाना को एक्सटेंशन मिलना लगभग तय माना जा रहा है।



