इंदौर। एमआईजी थाना क्षेत्र में एक युवती के साथ धोखाधड़ी और यौन शोषण का सनसनीखेज मामला सामने आया है। एक किराना दुकान पर हम्माली करने वाले युवक ने साथ काम करने वाली युवती को शादी का झांसा देकर न केवल उसका शारीरिक शोषण किया, बल्कि कर्ज उतारने के नाम पर उससे 1.50 लाख रुपये भी ऐंठ लिए। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है।
सूने घर में बनाया शिकार
टीआई सी.बी. सिंह के मुताबिक, शिव शक्ति नगर निवासी आरोपी प्रवेश मंडलोई और पीड़िता एक ही किराना दुकान पर काम करते थे। 3 नवंबर 2024 को आरोपी युवती को अपनी मां से मिलवाने के बहाने घर ले गया। वहां घर खाली पाकर उसने युवती के साथ जबरदस्ती की। विरोध करने पर उसने जल्द शादी करने का वादा कर उसे चुप करा दिया।
शादी के नाम पर की वसूली
पीड़िता ने बताया कि जब भी वह शादी का दबाव बनाती, आरोपी कर्ज का बहाना बना देता। आरोपी की बातों में आकर युवती ने लोन लेकर उसे डेढ़ लाख रुपये दे दिए। पैसे लेने के बाद भी जब आरोपी शादी से मुकरने लगा, तब पीड़िता को ठगी का अहसास हुआ। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।




