भोपाल। राजधानी के छोला मंदिर इलाके में एक 29 वर्षीय युवक ने मानसिक तनाव के चलते आत्महत्या कर ली। घटना शिव नगर बिहारी कॉलोनी की है, जहां बुधवार सुबह प्रदीप लोवंशी का शव उसके कमरे में फंदे से लटका मिला।
मां ने सबसे पहले देखा शव
पुलिस के अनुसार, प्रदीप ने सुबह करीब 4:30 बजे तौलिए का फंदा बनाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। सुबह करीब 6 बजे जब उसकी मां कमरे में पहुंची, तो बेटे को इस हालत में देख उनके होश उड़ गए। शोर मचाने पर आस-पास के लोग इकट्ठा हुए और पुलिस को सूचना दी गई।
शादी के दो महीने बाद ही चली गई थी पत्नी
जांच में सामने आया है कि प्रदीप की शादी 5 साल पहले हुई थी। लेकिन वैवाहिक जीवन में अनबन के चलते शादी के महज दो महीने बाद ही उसकी पत्नी मायके चली गई थी। प्रदीप ने उसे कई बार वापस लाने की कोशिश की, लेकिन वह लौटने को तैयार नहीं थी।
अवसाद और शराब की लत
परिजनों का कहना है कि पत्नी के न लौटने से प्रदीप गहरे डिप्रेशन (अवसाद) में था। इसी गम में उसने शराब पीना भी शुरू कर दिया था। पुलिस को मौके से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है।
पुलिस का बयान:
“मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। प्रारंभिक जांच में मामला पत्नी के अलग रहने के कारण उपजे तनाव का लग रहा है। मामले की विस्तृत जांच जारी है।”



