भोपाल | 13 मई, 2026
मध्य प्रदेश के उप मुख्यमंत्री श्री जगदीश देवड़ा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के आह्वान पर राष्ट्रहित में एक बड़ा और प्रेरक निर्णय लिया है। श्री देवड़ा ने अपने कारकेड (काफिले) में मिलने वाली ‘पायलट’ और ‘फॉलो’ वाहन की सुविधा को तत्काल प्रभाव से त्याग दिया है। उन्होंने आवंटित वाहनों और संबंधित स्टाफ को विभाग को वापस लौटा दिया है।
इस निर्णय पर बात करते हुए उप मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री की अपील सिर्फ एक सुझाव नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण का मंत्र है। उन्होंने जोर दिया कि पेट्रोलियम ईंधन की बचत आज की अनिवार्य आवश्यकता है। इससे न केवल सरकारी खजाने पर आर्थिक बोझ कम होगा, बल्कि पर्यावरण संरक्षण की दिशा में भी यह एक बड़ा कदम साबित होगा।
श्री देवड़ा ने विश्वास जताया कि इस पहल से समाज में ऊर्जा संरक्षण का सकारात्मक संदेश जाएगा। उन्होंने आम नागरिकों से भी अपील की है कि वे अपनी जीवनशैली में ईंधन की बचत को प्राथमिकता दें, क्योंकि ‘ऊर्जा की बचत ही ऊर्जा का उत्पादन है’।



