अशोकनगर जिला अस्पताल से लापरवाही और अनुशासनहीनता का वीडियो सामने आया है। इसमें अस्पताल के सर्जिकल वार्ड में भर्ती मरीज देवेंद्र यादव अपने रिश्तेदारों के साथ पलंग पर बैठकर शराब पीता नजर आ रहा है। मौके पर पहुंची नर्सिंग ऑफिसर गायत्री चौधरी ने उन्हें रंगे हाथ पकड़ा।
मामला गुरुवार रात करीब साढ़े 8 बजे का है। अस्पताल प्रशासन ने जांच शुरू कर दी है।
वीडियो में दिख रहा है कि देवेंद्र और उसके रिश्तेदार बेड पर बैठे शराब पी रहे हैं। नर्सिंग ऑफिसर गायत्री चौधरी ने उन लोगों को फटकार लगाई। गायत्री ने कहा-
हम लोग आपकी सेवा के लिए दिन-रात ड्यूटी करते हैं। ये अस्पताल हमारा मंदिर है और आप यहां शराब पी रहे हैं। शर्म नहीं आती?

गिलास छिपाने की कोशिश की, बोले- भोजन कर रहे नर्सिंग ऑफिसर गायत्री चौधरी के सवाल करने पर शराब पी रहे लोगों ने गिलास छिपाने की कोशिश की। कहा कि वे भोजन कर रहे हैं। लेकिन गायत्री ने गिलास उठाकर कैमरे में दिखाया तो इसमें शराब थी।
फिर मानी गलती, बोले- अब ऐसा नहीं करेंगे फटकार के बाद मरीज देवेंद्र और उसके साथियों ने अपनी गलती स्वीकार की। कहा कि अब ऐसा नहीं करेंगे।
सिविल सर्जन डॉ. भूपेंद्र सिखावत ने कहा कि नर्सिंग ऑफिसर ने सही किया। अस्पताल में इस तरह की हरकतें बर्दाश्त नहीं की जाएंगी।





