ये खबर उन सभी को अलर्ट करने वाली है, जिनके घर के आसपास झाड़ियां या खंडहरनुमा बिल्डिंग हो। भोपाल में एक स्कूली बच्चे के जूते में सांप निकला। बच्चा स्कूल जाने के लिए जूते पहन रहा था। तभी पैर में कुछ हलचल हुई। जब जूता उतारकर देखा तो उसमें जहरीला रसेल वाइपर सांप कुंडली मारकर बैठा था। सांप को देखकर बच्चे के साथ घरवालों के होश भी उड़ गए
मामला होशंगाबाद रोड स्थित गुलाबी नगर का है। यहां रहने वाले सुरेंद्र प्रसाद सिंह का 14 वर्षीय पोता आयुष्मान गुरुवार सुबह स्कूल जाने की तैयारी कर रहा था। पॉलिस करने के लिए उसने घर के बरामदे में रखे जूते उठाए और छत पर ले गया। उसने दोनों ही जूतों की पॉलिस भी कर ली। पहले लेफ्ट जूता पहना। फिर राइट पैर का जूता पहनने लगा। दूसरे जूते के अंदर पैर डाला, लेकिन कुछ हलचल हुई। आयुष्मान के मुताबिक, जूते पहनते ही ऐसा लगा जैसे अंदर कुछ हो। ठंडक भी लगी। जैसे ही जूता उतारकर देखा एक सांप अंदर कुंडली मारकर बैठा था। सांप को देखते ही आयुष्मान के होश उड़ गए और वह चिल्लाते हुए नीचे उतर गया। आयुष्मान के चिल्लाने की आवाज सुनकर परिजन बाहर आए। इसके बाद जूते में देखा तो सांप अंदर ही था।
सिंह ने बताया, जैसे-तैसे हिम्मत करके जूते को पॉलीथिन और फिर एक बाल्टी में डाला। इसके बाद कुछ दूर जंगल में ले जाकर सांप को छोड़ दिया। आयुष्मान होशंगाबाद रोड स्थित इंटरनेशनल पब्लिक स्कूल में कक्षा 9वीं का छात्र है।

तबियत खराब थी, एक दिन स्कूल नहीं गया था मां पूनम कुमारी ने बताया कि तबियत खराब होने से मंगलवार को आयुष्मान स्कूल नहीं गया था। उसके स्कूल के जूते बरामदे में ही रखे थे। भगवान का शुक्र है कि कोई हादसा नहीं हुआ।
परिजन दिनभर लेते रहे स्वास्थ्य की जानकारी जूते में सां निकलने के बाद भी आष्युमान स्कूल गया। इस दौरान परिजन टीचर से उसकी सेहत के बारे में जानकारी लेते रहे। परिजनों ने कहा, आयुष्मान ने बताया कि उसका पैर सांप से टच हो गया था, लेकिन सांप ने काटा नहीं। उसके पैर में कोई निशान भी नहीं थे। इसलिए वह स्कूल चला गया। फिर भी परिजन चिंतित रहे और स्वास्थ्य की जानकारी लेते रहे।
कॉलोनी में कॉर्नर का मकान, पास में पार्क भी आयुष्मान का घर गुलाबी नगर में कॉर्नर पर है। वहीं पास में पार्क है, लेकिन वह डेवलप नहीं हुआ है। संभवत: यहीं से सांप आया होगा।
जहरीला होता है रसेल वाइपर एक्सपर्ट के अनुसार, रसेल वाइपर सांप जहरीला होता है। इसे एशिया का सबसे जहरीला सांप माना जाता है। यदि सांप के काटने से इलाज न मिल पाए, तो कुछ ही मिनटों में मौत हो सकती है।




