जबलपुर में धान खरीदी में बड़ा घोटाला सामने आया है। अरिहंत वेयरहाउस के एक कर्मचारी और सर्वेयर के बीच रिश्वत के लेनदेन का ऑडियो वायरल होने से प्रशासन में हड़कंप मच गया है। वायरल ऑडियो में वेयरहाउस कर्मचारी और सर्वेयर के बीच नॉन एफएक्यू धान की खरीदी के लिए 20 हजार रुपए की डील के बारे में बातचीत सामने आई है।
मामले में वेयरहाउस का कर्मचारी सर्वेयर से 10 हजार रुपए में समझौता करने की कोशिश करता सुनाई दे रहा है। लेकिन सर्वेयर 20 हजार रुपए पर अड़ा है। यह घटना उस समय की है, जब पहले से ही धान खरीदी केंद्रों में औसत से अधिक धान की खरीदी का मामला जांच के दायरे में है।
कलेक्टर दीपक सक्सेना के निर्देश पर खाद्य विभाग के दो अधिकारियों की एक टीम गठित की गई है। सहायक जिला आपूर्ति नियंत्रक संजय खरे के अनुसार, टीम वायरल ऑडियो में उल्लेखित हर्षित और शुभम नामक व्यक्तियों की पहचान और मामले की गहन जांच कर रही है।
जांच पूरी होने के बाद रिपोर्ट कलेक्टर को सौंपी जाएगी, जिसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। हालांकि अभी तक ऑडियो की प्रामाणिकता की पुष्टि नहीं हुई है, और यह भी पता लगाया जा रहा है कि यह ऑडियो कब और कहां का है।




