इंदौर। तिलक नगर थाना क्षेत्र के एलएक्स होटल के एक कमरे में बुधवार दोपहर 32 वर्षीय ब्यूटिशियन सोनाली शर्मा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतका के मुंह से झाग निकल रहा था, जिससे जहर खाने की आशंका जताई जा रही है।
पुलिस के मुताबिक, सुंदर नगर निवासी सोनाली बुधवार दोपहर करीब 2 बजे पाइप कारोबारी दीपक खंडेलवाल के साथ होटल पहुंची थी। कुछ घंटे बाद दीपक ने होटल स्टाफ को बताया कि उसकी दोस्त की तबीयत खराब है और वह उसे अक्षत अस्पताल ले गया, जहां डॉक्टरों ने सोनाली को मृत घोषित कर दिया। इसके बाद दीपक मौके से फरार हो गया।
परिजनों ने बताया कि सोनाली एक पार्लर में काम करती थी, जहां उसकी पहचान दीपक से हुई थी। सोनाली अपने पति से अलग रह रही थी और उसकी दो बेटियां (8 और 14 वर्ष) हैं। बुधवार को वह पार्लर जाने का कहकर घर से निकली थी।
पुलिस ने होटल के सीसीटीवी फुटेज जब्त कर लिए हैं और फरार कारोबारी दीपक की तलाश की जा रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए एमवाय अस्पताल भेज दिया गया है, जिसकी रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असली कारणों का खुलासा हो सकेगा।




